Report: Pankaj Singh
श्री विजयापुरम, 11 जुलाई 2026– शिपिंग सर्विसेज़ निदेशालय (DSS) द्वारा मुख्य प्रशासनिक भवन में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास निदेशालय के आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें भवन में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान निर्धारित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रिया (Emergency Response Protocol) का पालन करते हुए कुल 112 कर्मचारियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से भवन से बाहर निकालकर पैसेंजर हॉल स्थित निर्धारित सुरक्षित स्थल तक पहुँचाया गया।

इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न संबंधित इकाइयों के बीच प्रभावी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपदा प्रबंधन संबंधी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) के सफल क्रियान्वयन का प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य कर्मचारियों को संभावित अग्नि आपात स्थिति के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं से अवगत कराना तथा उनकी तत्परता का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के सफल समापन एवं स्थिति सामान्य घोषित किए जाने के उपरांत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षित रूप से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट आए।
निदेशालय ने भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित सुरक्षा अभ्यास आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है, ताकि आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।















Leave a Reply