GMSSS एबरडीन की छात्रा सुजाता लाल ‘मिशन शक्तिसैट’ की नेशनल फाइनलिस्ट चयनित

ShakthiSAT Finalist Sujata Lall

Report: Sangita Singh

श्री विजय पुरम- श्री विजय पुरम स्थित एबरडीन के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (GMSSS) की कक्षा 10 की छात्रा सुजाता लाल का चयन प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल मिशन शक्तिसैट (ShaktiSAT) कार्यक्रम के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब (ATL) के माध्यम से वर्ष 2025 में इस कार्यक्रम से जुड़ी सुजाता लाल ने स्पेस साइंस के क्षेत्र में अपनी गहरी रुचि और प्रतिभा का परिचय देते हुए लगभग 120 घंटे का विशेष प्रशिक्षण, 21 लर्निंग मॉड्यूल तथा 550 से अधिक शिक्षण सत्र (लेसन्स) सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इसके उपरांत आयोजित टेक्निकल इवैल्यूएशन एवं नेशनल इंटरव्यू के सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

ShakthiSAT Finalist Sujata Lall

नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में सुजाता लाल 22 से 31 अगस्त, 2026 तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। इस कार्यशाला में भारत सहित विभिन्न देशों से चयनित प्रतिभागी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सैटेलाइट डिज़ाइन, स्पेस साइंस, सिस्टम इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं नवाचार से संबंधित उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के सहयोगात्मक प्रोजेक्ट्स पर कार्य करेंगे।

विद्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘मिशन शक्तिसैट’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा डिज़ाइन एवं विकसित किए गए दो मूनसैट (MoonSats) का प्रक्षेपण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा 11 अक्टूबर, 2026 को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से किया जाएगा। यह मिशन विद्यार्थियों को वास्तविक अंतरिक्ष मिशन की प्रक्रिया से जोड़ने तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *