Editor: Pankaj Singh
श्री विजय पुरम– नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप समूह हिंदी विश्वविद्यालय (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के घटक महाविद्यालय जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय (JNRM), श्री विजय पुरम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए द्वितीय प्रवेश काउंसलिंग का आयोजन 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) तथा केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों/भूतपूर्व सैनिकों/JNRM कर्मचारियों के वार्ड जैसी आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए संबंधित श्रेणियों की अंतिम मेरिट सूची के आधार पर पृथक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
आरक्षित श्रेणियों की सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न किया जाएगा। इसलिए इन सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे मेरिट क्रमांक की परवाह किए बिना प्रातः कालीन सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। आरक्षित श्रेणियों (EWS को छोड़कर) की रिक्त बची सीटों को बाद में अनारक्षित (सामान्य) श्रेणी में परिवर्तित कर “ऑल कैटेगरी मेरिट सूची” के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसलिंग में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पर विचार नहीं किया जाएगा तथा उनकी जगह मेरिट सूची में अगले पात्र अभ्यर्थी को प्रवेश प्रदान किया जाएगा।
सभी ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को प्रातः 8:30 बजे JNRM, श्री विजय पुरम के संबंधित विभागों में उपस्थित हों।
प्रवेश के समय आवश्यक मूल दस्तावेज:-
अभ्यर्थियों को सत्यापन हेतु निम्नलिखित मूल प्रमाण-पत्र तथा उनकी एक-एक स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी—
- कक्षा 12वीं की मूल अंकतालिका (Mark Sheet) (प्रवेश के समय महाविद्यालय में जमा करनी होगी।)
- मूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC)/स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (महाविद्यालय में जमा करना होगा।)
- कक्षा 10वीं का उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र (10 Pass Certificate)।
- आरक्षण संबंधी मूल प्रमाण-पत्र (ST/OBC/दिव्यांग/EWAS/केंद्रीय सरकारी कर्मचारी अथवा भूतपूर्व सैनिक के वार्ड आदि)।
- सफेद पृष्ठभूमि वाला एक पासपोर्ट आकार का नवीनतम रंगीन फोटो (Passport size photo with white background)।
महाविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि डिजीलॉकर से डाउनलोड किए गए प्रमाण-पत्र काउंसलिंग के दौरान अस्थायी प्रवेश हेतु मान्य होंगे। हालांकि, अंतिम प्रवेश की स्वीकृति के लिए 12वीं की मूल अंकतालिका (12 Mark Sheet) एक सप्ताह के भीतर महाविद्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा।
BPES पाठ्यक्रम के अभ्यर्थियों के लिए विशेष सूचना
बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (BPES) पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय के नियमानुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) आयोजित की जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दिन उचित खेल पोशाक (स्पोर्ट्स ड्रेस) में उपस्थित होना होगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में निम्नलिखित प्रतियोगिताएं शामिल होंगी—
- 100 मीटर स्प्रिंट
- शॉट पुट
- स्टैंडिंग ब्रॉड जंप
- वर्टिकल जंप
- 12 मिनट रन-वॉक टेस्ट
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित काउंसलिंग में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण करें।















Leave a Reply