डिगलीपुर में पिक-अप वैन संचालकों का प्रदर्शन, RTO के भारी चालानों के खिलाफ आंदोलन जारी

Pickup Van Association

Editor: Pankaj Singh

डिगलीपुर– NH-4 पिक–अप वैन वेलफेयर एसोसिएशन ने RTO द्वारा मालवाहक वाहनों पर लगाए जा रहे भारी जुर्मानों के विरोध में सोमवार को सहायक आयुक्त (AC), डिगलीपुर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि जिरकाटांग के माइल तिलक स्थित निजी एजेंसी द्वारा संचालित वे–ब्रिज पर वाहनों का वजन कराने के बाद RTO अधिकारियों द्वारा ₹20,000 से ₹40,000 तक के चालान किए जा रहे हैं, जिससे पिक–अप वैन संचालकों पर गंभीर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

Pickup Van Association

आंदोलन का उद्देश्य केवल भारी चालानों का विरोध करना नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित विभिन्न मांगों की पूर्ति सुनिश्चित कराना भी है। एसोसिएशन ने पिक–अप वैन को वे–ब्रिज पर अनिवार्य वजन प्रक्रिया से छूट देने, श्री विजयापुरम और डिगलीपुर के बीच ATR बसों द्वारा माल ढुलाई पर रोक लगाने, श्री विजयापुरम में पिक–अप वैन के लिए पार्किंग स्थल उपलब्ध कराने, मिडिल स्ट्रेट में फेरी सुविधा सुनिश्चित करने, RTO द्वारा वसूले गए शुल्क की वापसी तथा आर्थिक तंगी के कारण जुर्माना जमा नहीं कर पाने वाले वाहन संचालकों को राहत देने की मांग की है।

प्रदर्शनकारी सुबह करीब नौ बजे सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचे और दिनभर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त को मांगपत्र भी सौंपा। हालांकि, एसोसिएशन का कहना है कि बैठक में उनकी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।

इस बीच प्रशासन द्वारा परिवहन व्यवसायियों को राहत देने के लिए कुछ कदम उठाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, अधिकृत परिवहन वाहनों को 15 अगस्त तक संबंधित मार्ग पर बिना चालान के संचालन की अनुमति दिए जाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, मायाबंदर ने 30 जुलाई को मिडिल स्ट्रेट स्थित नीलांबर जेट्टी पर वाहनों की आवाजाही के लिए प्राथमिकता संबंधी आदेश जारी किया है, जिसमें ताजी नाशवान वस्तुओं एवं पोल्ट्री सामग्री ले जाने वाले अधिकृत वाहनों को प्राथमिकता प्रदान की गई है।

इसके बावजूद एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सुत्रो से ताजा अपडेट मिल रहा है कि इस प्रदर्शन केकरण किसानों को नुक्सान उठाना पड़ सकता है, अगर प्रदर्शन ज्यादा दिनो तक चले तो उनकी सब्जियां खराब हो सकती हैं जिससे उनका भारी नुक्सान हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *