Editor: Pankaj Singh
उत्तरी और मध्य अंडमान- वन संपदा के संरक्षण एवं वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से 03 अगस्त, 2026 को पुलिस विभाग एवं वन विभाग द्वारा बिरसा नगर क्षेत्र में संयुक्त रूप से एक विशेष अभियान (Joint Raid) चलाया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित हाथ से चिरी गई (Hand-Sawn) बहुमूल्य इमारती लकड़ी बरामद की गई। बरामद लकड़ियों में पड़ौक (Padauk), थिंगम (Thingam) एवं तांगपिग्ने (Tangpigne) प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं। समस्त लकड़ी को विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए जब्त कर लिया गया है तथा मामले में विस्तृत जांच एवं आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह सफल संयुक्त अभियान पुलिस एवं वन विभाग के बीच उत्कृष्ट समन्वय, सतर्कता तथा वन संपदा की सुरक्षा के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है। दोनों विभाग अवैध कटाई, परिवहन एवं वन उत्पादों के अवैध भंडारण जैसे अपराधों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रखेंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध वन गतिविधि, अवैध कटाई, परिवहन अथवा वन उत्पादों के अवैध भंडारण की जानकारी मिले, तो उसकी सूचना तत्काल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। नागरिकों का सहयोग प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
“हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि अपनी बहुमूल्य वन संपदा की रक्षा करें और पर्यावरण संरक्षण के लिए हर संभव सहयोग दें।”















Leave a Reply