Editor: Pankaj Singh
रंगत- 5 अगस्त 2026 को रंगत बे में सहायक अभियंता (AE), विद्युत विभाग कार्यालय भवन का विधिवत उद्घाटन कर दिया गया। उद्घाटन के साथ ही कार्यालय का संचालन भी नए भवन से प्रारंभ हो गया है। हालांकि, कार्यालय के स्थानांतरण के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि मुख्य बाजार क्षेत्र से दूर कार्यालय स्थापित होने से आम जनता की सुविधाओं पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
गौरतलब है कि AE (विद्युत) कार्यालय लंबे समय तक रंगत मुख्य क्षेत्र में संचालित होता रहा, जहां अधिकांश सरकारी विभागों के कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में आम नागरिक एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़े कार्य आसानी से कर लेते थे। अब कार्यालय के रंगत बे स्थानांतरित होने के बाद लोगों को विद्युत संबंधी कार्यों के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है।

विद्युत विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य सीधे AE कार्यालय के माध्यम से किए जाते हैं। इनमें बिजली कनेक्शन के स्वामित्व का हस्तांतरण, उपभोक्ता के नाम में संशोधन, बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतें, अधिक बिजली बिल आने की शिकायत, तकनीकी समस्याओं का समाधान तथा अन्य प्रशासनिक कार्य शामिल हैं। इन सेवाओं के लिए उपभोक्ताओं को अब रंगत बे स्थित कार्यालय तक जाना होगा।
यदि कार्यालय के स्थान परिवर्तन के इतिहास पर नजर डालें तो AE (विद्युत) कार्यालय पहले APWD कार्यालय के समीप संचालित होता था। इसके बाद इसे ढालिखेती स्थित एक सरकारी क्वार्टर में स्थानांतरित किया गया। बाद में कार्यालय SBM कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक अन्य सरकारी क्वार्टर में संचालित हुआ और अब इसका स्थायी संचालन रंगत बे स्थित भवन से किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, AE कार्यालय को रंगत बे स्थानांतरित किए जाने का एक प्रमुख कारण पूर्व कार्यालय भवन को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) विभाग को उपलब्ध कराना बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रंगत बे मुख्य रंगत बाजार क्षेत्र से कुछ दूरी पर स्थित है तथा वहां पहुंचने के लिए अलग मार्ग अपनाना पड़ता है। ऐसे में चाहे उपभोक्ता बेटापुर क्षेत्र से आए या कौशल्यानगर की ओर से, दोनों ही दिशाओं से आने वाले लोगों को पहले की तुलना में अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय और परिवहन व्यय का सामना करना पड़ सकता है।
यदि कार्यालय का स्थानांतरण स्थायी है, तो आम उपभोक्ताओं को AE विद्युत विभाग ऑफिस तक बार-बार पहुंचने में असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है ।















Leave a Reply