Editor: Sangita Singh
मायाबंदर- यात्रियों की सुविधा और आवश्यक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला प्रशासन ने मोहनपुर-08 बस स्टॉप पर सभी STS बसों के अनिवार्य ठहराव को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त, उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला द्वारा बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ STS बसों के मोहनपुर-08 पर नहीं रुकने की शिकायतें सामने आई थीं। इस संबंध में PRI सदस्यों एवं आम जनता की ओर से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अब सभी संबंधित बसों के लिए निर्धारित ठहराव का पालन अनिवार्य कर दिया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार, मोहनपुर-08 से होकर गुजरने वाली प्रत्येक STS बस को निर्धारित स्टॉपेज पर अनिवार्य रूप से रुकना होगा, ताकि यात्रियों को उपलब्ध शौचालय सुविधा का उपयोग करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

प्रशासन ने अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित परिचालन कर्मचारियों, जिसमें ATR स्टाफ भी शामिल है, को निर्देश दिया है कि प्रत्येक बस के मोहनपुर-08 पर रुकने के दौरान बस की फोटोग्राफी कर प्रमाण के रूप में सुरक्षित रखी जाए। संबंधित फोटो STS यूनिट डिगलीपुर एवं मायाबंदर के स्टेशन मास्टर, चीफ इंस्पेक्टर अथवा ट्रैफिक इंचार्ज को भेजी जाएगी, ताकि इसे उपायुक्त के समक्ष सूचना एवं अनुपालन की समीक्षा के लिए प्रस्तुत किया जा सके। निर्देशों के तहत इन तस्वीरों को प्रत्येक सप्ताह संबंधित यूनिट प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत कर रिकॉर्ड में संधारित करना होगा।
सभी चालक एवं परिचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वे मोहनपुर-08 पर बस का निर्धारित ठहराव सुनिश्चित करें और यात्रियों को शौचालय सुविधा का उपयोग करने के लिए पर्याप्त समय एवं अवसर प्रदान करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए उपायुक्त के संज्ञान में लाया जाएगा।
STS यूनिट मायाबंदर के सहायक अभियंता (M) ने सभी संबंधित परिचालन कर्मचारियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने को कहा है। इसे सख्त एवं अनिवार्य निर्देश के रूप में माना गया है।















Leave a Reply