सांसद बिष्णु पद राय ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र, 19 वर्ष पुरानी स्थानांतरण नीति की समीक्षा का किया आग्रह

Bishnu Pada Ray

Report: Pankaj Singh

श्री विजयपुरम- अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के सांसद श्री बिष्णु पद राय ने मुख्य सचिव, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन को पत्र लिखकर निकोबार जिले में तैनात सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अंडमान एवं निकोबार पुलिस की तर्ज पर एक वर्ष का निश्चित कार्यकाल (One-Year Fixed Tenure Policy) लागू करने तथा वर्ष 2007 से प्रभावी स्थानांतरण नीति की व्यापक समीक्षा एवं संशोधन करने का आग्रह किया है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि निकोबार जिले में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों को सीमित परिवहन सुविधा, उपयुक्त आवास का अभाव, अपर्याप्त स्वास्थ्य सेवाएं, संचार संबंधी कठिनाइयों तथा लंबे समय तक परिवार से दूर रहने जैसी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में निकोबार में कार्यरत एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक के दुर्भाग्यपूर्ण निधन की घटना ने दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों की कठिन परिस्थितियों और उनके कल्याण के मुद्दे को एक बार फिर गंभीरता से सामने ला दिया है।

Bishnu Pada Ray

श्री राय ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में कर्मचारियों की तैनाती प्रशासनिक दृष्टि से आवश्यक है, किंतु ऐसे कर्मचारियों को निश्चित कार्यकाल का भरोसा मिलना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे अपने पारिवारिक दायित्वों और भविष्य की बेहतर योजना बना सकें।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 की सुनामी के बाद से अंडमान एवं निकोबार पुलिस द्वारा निकोबार में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए एक वर्ष की निश्चित कार्यकाल व्यवस्था सफलतापूर्वक लागू की जा रही है। निर्धारित अवधि पूर्ण होने पर पुलिस कर्मियों को उनके स्थान पर प्रतिस्थापन की प्रतीक्षा किए बिना वापस स्थानांतरित किया जाता है। इस व्यवस्था से पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ा है तथा वे निकोबार में तैनाती स्वीकार करने के लिए अधिक उत्साहित रहते हैं।

सांसद ने कहा कि यदि इस व्यवस्था को अन्य विभागों में लागू करने से स्थानांतरण भत्ते पर अतिरिक्त व्यय होता है, तो भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, पारिवारिक जीवन और मनोबल को वित्तीय पहलुओं से अधिक प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य, आवास और संपर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक निश्चित कार्यकाल कर्मचारियों के हित में एक प्रभावी कल्याणकारी कदम सिद्ध होगा।

अपने पत्र में सांसद ने प्रशासन से वर्ष 2007 की स्थानांतरण नीति की समीक्षा कर उसे वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप संशोधित करने, निकोबार में एक वर्ष का निश्चित कार्यकाल निर्धारित करने, प्रत्येक स्थानांतरण आदेश में कार्यकाल की प्रारंभ एवं समाप्ति तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने, इच्छुक कर्मचारियों को प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार एक वर्ष से अधिक सेवा देने की अनुमति प्रदान करने तथा सभी विभागों के लिए स्थानांतरण एवं संबंधित लाभों के संबंध में समान दिशानिर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।

सांसद श्री बिष्णु पद राय ने आशा व्यक्त की कि अंडमान एवं निकोबार प्रशासन कर्मचारियों के कल्याण, प्रशासनिक दक्षता तथा दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों के मनोबल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस महत्वपूर्ण सुझाव पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *