Editor: Pankaj Singh
नई दिल्ली- गत 18 नवंबर 2026 को दिए गए निर्णय में भारत के मा. उच्चतम न्यायालय ने बिबोल टोप्पो एवं अन्य विरुद्ध ओड़िसा राज्य एवं अन्य के मामले में संविधान की पांचवीं अनुसूची में आने वाले राज्यों में भूमि अधिग्रहण एवं वनाधिकार कानून 2006 के अंतर्गत आने वाली परियोजनाओं के लिए वन-भूमि हस्तांतरित करने के मामले में ग्राम-सभाओं के प्रस्ताव-सहमति को अनिवार्य घोषित किया है। देश के समेकित विकास, जनजातियों के व्यापक हित से जुड़े इस निर्णय का कल्याण आश्रम स्वागत करती है।
ओड़िसा माइनिंग कॉरपोरेशन बनाम पर्यावरण एवं वन मंत्रालय एवं अन्य 18 अप्रैल 2013 (नियामगिरि / वेदांता के नाम से प्रसिद्ध) ऐतिहासिक निर्णय के बावजूद केंद्र एवं राज्य सरकारें PESA कानून और निजी कंपनियों के लिए भूमि अधिग्रहण या वन-भूमि को ऐसी कंपनियों को आवंटित करने में इन कानूनी प्रावधानों की अनदेखी कर रही थी। ऐसे में मा. सर्वोच्च न्यायालय ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है।
जनजाति समाज या कल्याण आश्रम देश के विकास के विरुद्ध नहीं है, हम भी देश का विकास चाहते हैं। परंतु वन एवं पर्यावरण को नष्ट होते देखने या जनजातियों के निरंतर शोषण के मूल्य पर नहीं। ये कंपनियाँ न तो खनन में अनिवार्य पर्यावरण-जल प्रदूषण रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों का ध्यान रखती और न ही स्थानीय लोगों को किए गए वादे के अनुसार उनको समुचित रोज़गार देती हैं। गत दिनों FICCI के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी ने ठीक ही टिप्पणी की थी कि इन कंपनियों की पैसे-धन की भूख मिटती ही नहीं। इन कंपनियों, देश के आर्थिक विकास के साथ स्थानीय क्षेत्र – वहां के लोगों का भी विकास होना चाहिए – यदि ऐसा होने लग जाए तो स्थानीय जनजाति समाज भी इन परियोजनाओं का स्वागत-सहयोग करेगी। कानूनी प्रावधानों का पालन करने के बजाय कंपनियाँ कुछ भ्रष्ट अधिकारियों, भ्रष्ट राजनेताओं और स्थानीय दलालों से मिलकर भ्रष्ट तरीके से, पिछले दरवाजे से अपना काम करने-निकालवाने का प्रयास करती हैं और दुर्भाग्य से यही चलन निरंतर चल रहा है।

कल्याण आश्रम पांचवीं अनुसूची के सभी दस राज्यों – गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और ओड़िसा के मा. राज्यपालों से अनुरोध करती है कि वे इस निर्णय के प्रकाश में अपनी राज्य सरकारों को दिशा निर्देश दें कि वे इस आदेश का शब्दशः और कानून की भावना के अनुरूप पालन करें।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) भी अपने स्तर पर आवश्यक पहल करे और इन राज्यों के मुख्य सचिव भी इस आदेश की अनुपालना सुनिश्चित करें। विफलता की स्थिति में मा. न्यायालय की अवमानना के दोषी वे ही ठहराए जाएंगे।
प्रसार माध्यमों को भी संवेदनशील होकर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए न केवल इस आदेश को प्रचारित-प्रसारित करना चाहिए बल्कि जनजाति क्षेत्रों में ऐसी परियोजनाओं के लागू होते समय ग्राम सभाओं के प्रस्ताव-सहमति पर भी प्रश्न उठाने चाहिए – जाँच कर इसे भी संबंधित समाचारों में स्थान देना चाहिए।















Leave a Reply