DBRAIT के सभागार में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का सफल आयोजन

DBRAIT

Editor: Pankaj Singh

श्री विजय पुरम– अंडमान एवं निकोबार प्रशासन तथा माई भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का सफल आयोजन दिनांक 2 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे डॉ. बी.आर. अंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान (DBRAIT), श्री विजय पुरम के सभागार में किया गया। यह कार्यक्रम देशव्यापी ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा, जिसमें उन्होंने देशभर के युवाओं से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

DBRAIT

इस अवसर पर दक्षिण अंडमान जिले के लगभग 1,000 माई भारत स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. बी.आर. अंबेडकर प्रौद्योगिकी संस्थान (DBRAIT) के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्र स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा। उनके समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ।

इस अभियान के साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने हेतु देशव्यापी 100-सप्ताह के रविवार जन-आंदोलन का भी शुभारंभ किया गया। इस विशेष पहल के अंतर्गत युवाओं को खेल, फिटनेस, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामुदायिक सहभागिता से जोड़कर स्वस्थ, जागरूक एवं उत्तरदायी समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *