JNV पंचवटी की समस्याओं को लेकर अभिभावकों व PRI प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से की मुलाकात

DC Office North And Middle Andaman

Editor: Pankaj Singh

मायाबंदर, 16 सितंबर 2026- जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), पंचवटी में विद्यार्थियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और विद्यालय से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को लेकर पंचायत राज संस्थाओं (PRI) के प्रतिनिधियों एवं अभिभावकों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त श्री सुशांत पाढ़ा, IAS से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हरिनगर ग्राम पंचायत के प्रधान श्री मनोजित हलदर तथा PSM श्री दिलीप कुमार दास ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष JNV पंचवटी में विद्यार्थियों और विद्यालय के समग्र संचालन को प्रभावित कर रहे विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, शिकायतों तथा बुनियादी ढांचे से संबंधित समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा।

उपायुक्त श्री सुशांत पाढ़ा ने प्रतिनिधिमंडल और अभिभावकों की बातों को गंभीरता एवं धैर्यपूर्वक सुना तथा उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों के हित, उनकी सुविधाओं तथा जिले में शिक्षा व्यवस्था के मानकों को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

DC Office North And Middle Andaman

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई उचित एवं वैध शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान का प्रयास प्राथमिकता के आधार पर और यथाशीघ्र किया जाएगा।

दर्शकों को बता दें कि हाल ही में एविलैंड मीडिया द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) के विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं निजता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था। इसी विषय को लेकर अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल ने भी उपायुक्त के समक्ष खुलकर अपनी चिंताएं और अपेक्षाएं रखीं।

बैठक के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और निजता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान यह भी सामने आया कि जिला प्रशासन इन संवेदनशील मुद्दों को लेकर गंभीर और सजग है तथा विद्यार्थियों के हित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दिया।

अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा इस दिशा में हर संभव आवश्यक कदम उठाया जाएगा, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक को अभिभावकों और PRI प्रतिनिधियों ने सकारात्मक एवं सार्थक बताया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रधान, PSM तथा अभिभावकों ने JNV पंचवटी से जुड़े मुद्दों पर समय पर संज्ञान लेने और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल के लिए उपायुक्त श्री सुशांत पाढ़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।

अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से विद्यालय से संबंधित लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *