पंचवाटी क्षेत्र में NH-4 सड़क फिर बदहाल, बड़े-बड़े गड्ढों से वाहन चालक परेशान

Panchawati NH4

Editor: Pankaj Singh

रंगत- पंचवाटी क्षेत्र में पानी टैंक से होते हुए निम्बुताला और पंचवाटी तक जाने वाली NH-4 सड़क एक बार फिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण गर्ग एंड सन्स नामक निजी कंपनी द्वारा किया गया था। निर्माण के बाद से ही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की सतह पर गड्ढे दिखाई देने लगे थे और कई स्थानों पर पैचिंग के माध्यम से मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया था।

खास बात यह रही कि, एक ओर सड़क के नए हिस्से का निर्माण कार्य चल रहा था, वहीं दूसरी ओर पहले से निर्मित सड़क पर उभर रहे गड्ढों को भरने और पैचिंग का काम भी चलता रहा। समय-समय पर सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने के बावजूद सड़क की स्थिति लंबे समय तक स्थिर नहीं रह सकी।

बताया जाता है कि निर्माण कंपनी का निर्धारित मेंटेनेंस टेन्योर भी पूरा हो चुका है। इसके बाद अब सड़क की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के समक्ष और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। वर्तमान में पंचवाटी क्षेत्र में NH-4 के कई हिस्सों की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कुछ स्थानों पर यह पहचानना भी मुश्किल हो रहा है कि वहां पक्की सड़क है या कच्चा मार्ग।

Panchawati NH4

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में सड़क पर कई बार गड्ढे भरे गए और पैचिंग की गई, लेकिन समस्या स्थायी रूप से दूर नहीं हो सकी। एक स्थान पर मरम्मत किए जाने के बाद कुछ समय में दूसरे स्थान पर गड्ढे उभरने लगे।

इस स्थिति ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव व्यवस्था और मरम्मत के तरीके को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क यदि कुछ समय बाद ही बार-बार मरम्मत की स्थिति में पहुंच जाए, तो सड़क निर्माण की गुणवत्ता और उसके दीर्घकालिक रखरखाव की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

NH-4 का यह मार्ग पंचवाटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने पड़ रहे हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़क परेशानी का कारण बनी हुई है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग सड़क की वर्तमान स्थिति का तकनीकी निरीक्षण कराए और केवल गड्ढों की अस्थायी पैचिंग के बजाय सड़क की खराब स्थिति का स्थायी समाधान निकाला जाए।

अब सवाल यह है कि वर्षों से मरम्मत और पैचिंग के बावजूद यदि पंचवाटी क्षेत्र का NH-4 मार्ग फिर उस से भी बदतर स्थिति में पहुंच गया है, तो सड़क निर्माण और रखरखाव की पूरी प्रक्रिया की गुणवत्ता का मूल्यांकन कब किया जाएगा? स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की स्थिति में जल्द सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *