Report: Sangita Singh
श्री विजयापुरम, 10 जुलाई 2026- उत्तर एवं मध्य अंडमान में हाल के दिनों में हुई लगातार STS बस दुर्घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए हिन्दू राष्ट्र शक्ति के प्रदेश युवा अध्यक्ष अंगशुमन रॉय ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के माननीय उपराज्यपाल, माननीय सांसद, मुख्य सचिव तथा सहायक सचिव (ए.आर. विंग) को एक विस्तृत ज्ञापन भेजकर यात्री सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
ज्ञापन में हाल ही में किशोरीनगर (उत्तर अंडमान) के निकट हुई STS बस दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इस दुर्घटना में कई यात्रियों, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल थीं, घायल हुए। इससे पहले भी उत्तर एवं मध्य अंडमान में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की आवश्यकता को स्पष्ट करती हैं।

श्री रॉय ने प्रशासन से मांग की है कि प्रत्येक सरकारी वाहन, विशेषकर एसटीएस बसों के संचालन से पूर्व वैध व्हीकल फिटनेस सर्टिफिकेट तथा नियमित यांत्रिक जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाले किसी भी वाहन को यात्रियों के साथ सड़क पर चलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि STS बसों तथा अंतर-द्वीपीय जहाजों के प्रत्येक टिकट में नाममात्र का बीमा प्रीमियम शामिल किया जाए, ताकि प्रत्येक यात्री स्वतः दुर्घटना एवं चिकित्सा बीमा के दायरे में आ सके। उनका कहना है कि दुर्घटना की स्थिति में इस व्यवस्था से घायलों एवं उनके परिवारों को तत्काल चिकित्सा सहायता, अस्पताल में भर्ती, उपचार, दिव्यांगता सहायता तथा मुआवजा प्राप्त करने में बड़ी राहत मिलेगी।
ज्ञापन में एक “आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं यात्री सहायता समिति” के गठन की भी मांग की गई है। प्रस्तावित समिति दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय, एम्बुलेंस एवं एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था, घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना, मरीजों के परिजनों के लिए भोजन एवं आवास की व्यवस्था तथा मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं प्रभावी बनाने का कार्य करेगी।
श्री रॉय ने यह भी सुझाव दिया कि द्वीपों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकारी बसों, चालकों तथा दुर्घटना-प्रवण मार्गों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। साथ ही प्रत्येक सरकारी बस में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशामक यंत्र, GPS ट्रैकिंग सिस्टम एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा किसी भी सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। यदि समय रहते प्रभावी एवं दूरदर्शी कदम उठाए जाते हैं, तो भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को काफी हद तक कम किया जा सकता है तथा लोगों का सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
हिन्दू राष्ट्र शक्ति ने प्रशासन से इस ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक निर्णय लेने तथा यात्री सुरक्षा के लिए एक सुदृढ़ एवं जवाबदेह व्यवस्था लागू करने की अपील की है।















Leave a Reply