Editor: Pankaj Singh
मायाबंदर- जिला प्रशासन, मध्य एवं उत्तर अंडमान द्वारा उपायुक्त श्री सुशांत पाधा, IAS के नेतृत्व में मायाबंदर तहसील अंतर्गत रांची समुदाय बहुल बुढ़ानाला गांव का 21 सितंबर 2026 को औचक प्रवास किया गया। वनवासी कल्याण आश्रम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह ने जिला प्रशासन की इस विशेष पहल का स्वागत करते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इस प्रवास के दौरान प्रशासन की टीम में श्री अब्दुल मुबीन, सहायक अभियंता, अंडमान लोक निर्माण विभाग, मायाबंदर प्रभाग; श्री अजीत, राजस्व निरीक्षक, मायाबंदर तहसील; श्री गुरैया, रीडर, उपायुक्त कार्यालय; श्रीमती बसंती महतो, जिला परिषद सदस्य, पहलगांव तथा श्री विनय कुमार मंडल, वार्ड सदस्य, ग्राम पंचायत पहलगांव सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बुढ़ानाला गांव में प्रशासन के इस प्रवास को संभव बनाने में श्री रंजित बेपारी, सामाजिक कार्यकर्ता, टुगापुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रशासन के समक्ष पहुंचाने तथा प्रशासन से गांव का दौरा करने का लगातार आग्रह किया था।
प्रशासन की टीम को गांव तक पहुंचने के लिए अत्यंत कठिन एवं कच्चे पगडंडी जैसे रास्ते से होकर जाना पड़ा। बुढ़ानाला गांव राष्ट्रीय राजमार्ग-4 (ATR) से लगभग आधे घंटे की दूरी पर जंगल क्षेत्र के अंदर स्थित डी-रिजर्व गांव है। गांव तक पहुंचने के लिए वर्तमान में कोई पक्की सड़क नहीं है, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

गांव पहुंचने के पश्चात उपायुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में पक्के आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उप-केंद्र, BSNL मोबाइल टावर, पेयजल के लिए स्टोरेज टैंक तथा जिन ग्रामीणों को भूमि लाइसेंस/रिकॉर्ड प्राप्त नहीं हुए हैं, उनके भूमि संबंधी मामलों को प्रशासन के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने गांव तक पक्की सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास की भी मांग रखी।
इस बैठक को सफल बनाने में श्रीमती नीलिमा सरोज, बुढ़ानाला वार्ड, ग्राम पंचायत पहलगांव का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने अल्प समय में ग्रामीणों को एकत्रित कर प्रशासन के साथ संवाद का अवसर उपलब्ध कराया।
जिला प्रशासन के उपायुक्त का बुढ़ानाला गांव में यह पहला प्रवास था। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के गांव पहुंचने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस पहल से ग्रामीणों में विकास कार्यों तथा शासन-प्रशासन के प्रति एक नया विश्वास और सकारात्मक भावना उत्पन्न हुई है।
वनवासी कल्याण आश्रम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, जो अंडमान-निकोबार में छोटानागपुरी रांची मूल के वनवासी-आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है, जिला प्रशासन, मध्य एवं उत्तर अंडमान की इस विशेष पहल की सराहना करता है। वनवासी कल्याण आश्रम ने आशा व्यक्त की है कि बुढ़ानाला जैसे दूरस्थ एवं दुर्गम गांवों की मूलभूत आवश्यकताओं पर प्रशासन द्वारा निरंतर ध्यान दिया जाएगा तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
वनवासी कल्याण आश्रम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह ने जिला प्रशासन, मध्य एवं उत्तर अंडमान तथा इस प्रवास में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है।















Leave a Reply