Editor: Sangita Singh
श्री विजयपुरम- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के एक प्रतिनिधिमंडल ने द्वीपसमूह के दौरे पर आए माननीय उपराज्यपाल से मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान उपराज्यपाल ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को साझा करते हुए कहा, “मैं भी ABVP का एक कार्यकर्ता रहा हूं और हमेशा परिषद के साथ खड़ा रहूंगा। अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहयोग और समर्थन प्रदान करूंगा।“ उनके इस वक्तव्य का प्रतिनिधिमंडल ने स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षण संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के भविष्य, शिक्षा क्षेत्र के समग्र विकास और छात्र कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों को भी उपराज्यपाल के समक्ष रखा गया।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ABVP के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री अपांशु शेखर शिल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में ABVP अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के विभाग प्रमुख डॉ. कंदिमुथु तथा प्रदेश सचिव एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य श्री सत्यजीत हलदर भी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल के साथ हुई इस मुलाकात को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपना बहुमूल्य समय देने तथा विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देने के लिए धन्यवाद दिया।
















Leave a Reply