जनगणना अधिकारी बनकर घर में घुसे अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला पर किया हमला, सोने की चेन लूटकर फरार

Chain Snatching

Editor: Pankaj Singh

डिगलीपुर- उत्तर एवं मध्य अंडमान के केरलापुरम स्थित वार्ड नंबर-1 में एक बुजुर्ग महिला के साथ लूटपाट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। शिकायत के अनुसार, जनगणना अधिकारी बनकर घर में घुसे एक अज्ञात व्यक्ति ने 77 वर्षीय महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी महिला के गले में पहनी करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया।

पीड़िता श्रीमती अन्नम्मा सोलोमन, अपने छोटे बेटे एवं उसके परिवार के साथ केरलापुरम स्थित अपने निजी मकान में रहती हैं। उनके पति का लगभग तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। घटना के समय उनका बेटा, जो STS विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत है, दोपहर करीब 2:30 बजे भोजन करने के बाद ड्यूटी के लिए घर से निकल गया था।

PS डिगलीपुर में दिनाक 9 नवंबर 2026 को दर्ज FIR के हिसाब से पीड़िता के पुलिस को दिए बयान के अनुसार, बेटे के घर से जाने के बाद वह बाथरूम गई थीं। जब वह वापस ड्राइंग रूम में पहुंचीं, तो वहां एक अज्ञात व्यक्ति कुर्सी पर बैठा हुआ मिला। महिला द्वारा उसके घर में आने का कारण पूछने पर उसने स्वयं को कार्यालय से आया हुआ बताते हुए जनगणना (Census) का कार्य करने की बात कही। उसके हाथ में एक फोल्डर भी था। उसने महिला से यह भी पूछा कि क्या उन्हें वृद्धावस्था पेंशन मिलती है। इस पर महिला ने स्पष्ट किया कि उन्हें पेंशन नहीं मिलती और उन्हें इसकी आवश्यकता भी नहीं है।

महिला ने उक्त व्यक्ति को घर से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वह वहां से नहीं गया। कुछ देर बाद उसने पानी मांगा। जैसे ही महिला पानी लेने के लिए रसोई की ओर बढ़ीं, आरोपी ने पीछे से जोरदार धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर दीवार से टकराया और वह जमीन पर गिर गईं।

Chain Snatching

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उनके गले में पहनी सोने की चेन को जोर से खींचा, जिससे चेन टूट गई। करीब 20 ग्राम वजनी इस चेन का अधिकांश हिस्सा आरोपी अपने साथ लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद महिला कुछ समय तक जमीन पर पड़ी चिल्लाती रहीं और उठने में असमर्थ थीं। बाद में किसी तरह हिम्मत जुटाकर उन्होंने पास में रहने वाले अपने पोते अभिषेक जय को फोन किया। पोते के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़िता ने आरोपी की पहचान के संबंध में बताया कि उसने नीले रंग की फुल स्लीव शर्ट, ऐश रंग की टोपी और जींस पहन रखी थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने बिना अनुमति उनके घर में प्रवेश किया और जनगणना अधिकारी होने का बहाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें हमले के कारण उन्हें चोटें आने की बात सामने आई। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा लूटी गई सोने की चेन बरामद करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *