रंगत में STS बस में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

STS

Editor: Pankaj Singh

रंगत, 13 नवंबर 2026- मध्य अंडमान के रंगत क्षेत्र में शुक्रवार सुबह STS यूनिट रंगत के अंतर्गत संचालित एक बस में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। बस संख्या 481, जो रंगत बे से रंगत के बीच चलती है, में यह हादसा सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच पानी टंकी के पास चढ़ाई वाले मार्ग पर हुआ। गनीमत रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस की बैटरी से जुड़ी केबलों में सबसे पहले धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके बाद देखते ही देखते आग की लपटें भी उठने लगीं। अचानक बस में धुआं और आग दिखाई देने से यात्रियों के बीच घबराहट का माहौल पैदा हो गया। बताया जाता है कि बस में एक छोटा अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) भी उपलब्ध था, लेकिन कुछ यात्रियों के कथित बयान के अनुसार, शुरुआती समय में बस स्टाफ को उसे संचालित करने में कठिनाई हुई। हालांकि, बाद में किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया।

घटना के तुरंत बाद बस को मौके पर ही रोक दिया गया तथा रंगत अग्निशमन सेवा (Fire Service) को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद हादसे की जानकारी सहायक आयुक्त, रंगत (Assistant Commissioner, Rangat) को भी दी गई।

आग पर नियंत्रण के बाद यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजा गया, जबकि संबंधित बस को मरम्मत के लिए भेज दिया गया।

इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन में चलने वाली बसों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में उनके सही संचालन के लिए कर्मचारियों की तैयारी और प्रशिक्षण की आवश्यकता को भी रेखांकित किया है।

STS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *