Editor: Sangita Singh
श्री विजयपुरम– अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के माननीय सांसद श्री विष्णु पदा रे ने आज श्री विजयपुरम स्थित लोक निवास में माननीय उप-राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद ने माननीय उप-राज्यपाल से स्वराज द्वीप का दौरा करने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान सांसद ने परिवहन विभाग द्वारा प्रस्तावित ‘हॉप-ऑन हॉप-ऑफ’ सेवा के किराए में कमी करने का भी अनुरोध किया। सांसद एवं अन्य जन-प्रतिनिधियों के अनुरोध पर विचार करते हुए उप-राज्यपाल ने प्रस्तावित किराए को 100 रुपये से घटाकर गैर-द्वीपवासियों के लिए 50 रुपये और द्वीपवासियों के लिए 40 रुपये करने की मंजूरी प्रदान की। इस सुविधा के तहत यात्री केवल एक बार किराया देकर पूरे दिन एसी बस के माध्यम से पूरे द्वीप की यात्रा कर सकेंगे।
बैम्बूफ्लैट में पेयजल की समस्या के संबंध में जानकारी मिलने पर उप-राज्यपाल ने 2.5 करोड़ रुपये की लागत से सुनामी पहाड़, बैम्बूफ्लैट में 2 करोड़ लीटर क्षमता वाले जलाशय एवं पंप हाउस के निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा, श्री विजयपुरम नगर परिषद को अनुदान जारी करने के अनुरोध पर उप-राज्यपाल ने 18 करोड़ रुपये की राशि तत्काल जारी करने के निर्देश दिए।
















Leave a Reply