माननीय उप-राज्यपाल ने ननकोवरी द्वीप समूह में आइस प्लांट-कम-कोल्ड स्टोरेज और डिगलीपुर में वृद्धाश्रम को मंज़ूरी

Dinesh Sharma

Editor: Sangita Singh

श्री विजयपुरम– माननीय उप-राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंज़ूरी प्रदान की है। इन मंज़ूरियों से ननकोवरी द्वीप समूह के मछुआरा समुदाय तथा उत्तरी एवं मध्य अंडमान के बेसहारा बुज़ुर्गों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

ननकोवरी द्वीप समूह में मत्स्य पालन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में कामोर्टा में आइस प्लांट एवं कोल्ड स्टोरेज सुविधा स्थापित करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी गई है। परियोजना के अंतर्गत एक आइस प्रोडक्शन यूनिट स्थापित की जाएगी।

इस सुविधा के शुरू होने से ननकोवरी द्वीप समूह, जिसमें टेरेसा, चौरा, कचल तथा आसपास के अन्य द्वीप शामिल हैं, के निकोबारी मछुआरों को बेहतर बर्फ उत्पादन एवं भंडारण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे मछली पकड़ने के बाद होने वाले नुकसान को कम करने, मछलियों को सुरक्षित रखने तथा उनकी मार्केटिंग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, इससे मछुआरा समुदाय की सामाजिक-आर्थिक स्थिति और आजीविका को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।

इसी क्रम में, उत्तरी एवं मध्य अंडमान के बेसहारा बुज़ुर्गों के लिए डिगलीपुर में वृद्धाश्रम के निर्माण को भी मंज़ूरी प्रदान की गई है। प्रस्तावित वृद्धाश्रम में 10 कमरे, एक हॉल और एक बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। इससे बुज़ुर्गों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक रहने के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

माननीय उप-राज्यपाल द्वारा प्रदान की गई ये दोनों मंज़ूरियां क्षेत्र के विकास तथा जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

Dinesh Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *