निंबुतला में भूजल प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण, 125 से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा

Bhoo Jal Prashichan

Editor: Sangita Singh

निंबुतला, 06 अक्टूबर 2026- निंबुतला ग्राम पंचायत कम्युनिटी हॉल में मंगलवार को “स्थानीय स्तर पर भूजल विकास एवं प्रबंधन की कार्य प्रणालियाँ ”विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंडमान लोक निर्माण विभाग (APWD) के फील्ड इंजीनियरों के साथ निंबुतला, दशरथपुर और रंगत ग्राम पंचायत क्षेत्रों के बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और अन्य हित धारक शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता की ओर से क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती संध्या यादव के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी श्री अतलान्त नारायण चौधुरी ने मुख्य संबोधन में स्थानीय लोगों को जिले में सामने आ रही भूजल संबंधी समस्याओं के बारे में सरल और व्यावहारिक तरीके से जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री अर्पण कुमार बनर्जी ने इन समस्याओं से निपटने के आसान और उपयोगी उपायों पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत सहायक आयुक्त (MA)/ SDM, रंगत श्री दीपांशु वोहरा की मौजूदगी में हुई। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर निंबुतला ग्राम पंचायत के प्रधान श्री सुजीत मिस्त्री और APWD के सहायक अभियंता श्री संदीप प्रसाद भी मौजूद रहे।

Bhoo Jal Prashichan

तकनीकी सत्रों में भूजल की बुनियादी जानकारी, उसके सही प्रबंधन, जल गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं और भूजल प्राधिकरण से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले में राष्ट्रीय जलभृत मान चित्रण परियोजना से सामने आए निष्कर्षों को भी स्थानीय परिस्थितियों के संदर्भ में समझाया गया।

कार्यक्रम के अंत में सवाल-जवाब और फीडबैक का सत्र रखा गया, जिसमें ग्रामीणों और अन्य प्रतिभागियों ने अपनी शंकाएं और स्थानीय समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं। यह प्रशिक्षण स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र की भूजल समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और भूजल संरक्षण, सुरक्षा और सही उपयोग के लिए आसान तथा व्यावहारिक तरीके अपनानेमें मदद करेगा।

कार्यक्रम में 125 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, कोलकाता के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री बिकाश कुमार जेना, सुश्री प्रीथा माकुर और श्री पार्थ प्रतिम मंडलने भी विषय विशेषज्ञ और रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षण में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *