Editor: Sangita Singh
रंगत– आम जनता की समस्याओं, शिकायतों एवं सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित और प्रभावी निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की पहली तारीख को ‘उपराज्यपाल समाधान दिवस’ (Lieutenant Governor’s Samadhan Diwas) के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में आगामी 1 नवंबर 2026 (रविवार) को रंगत स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में जन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा तथा इसका आयोजन रंगत के खंड विकास अधिकारी (BDO) की अध्यक्षता में किया जाएगा। इस संबंध में उपराज्यपाल सचिवालय के नोट संख्या SLG/SPS/2026/737 दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के अनुपालन में सर्कुलर जारी किया गया है।
शिविर के दौरान आम नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों तथा सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का निपटारा मौके पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जारी सर्कुलर के अनुसार, सभी विभागों एवं कार्यालयों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्णय लेने में सक्षम अधिकारियों को आवश्यक कर्मचारियों एवं संबंधित अभिलेखों के साथ शिविर में उपस्थित होने के लिए प्रतिनियुक्त करें, ताकि शिकायतों एवं आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को शिविर की तिथि, समय, स्थान और उद्देश्य के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन शिकायतों का निपटारा शिविर में तत्काल संभव नहीं होगा, उन्हें विधिवत दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाएगा।
















Leave a Reply