Editor: Pankaj Singh
नई दिल्ली– अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के सांसद श्री बिष्णु पदा रायने नई दिल्ली में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के माननीय उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात कर द्वीपों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विकासात्मक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान सांसद ने द्वीपवासियों के कल्याण तथा अंडमान–निकोबार के समग्र विकास से जुड़े कई जरूरी मुद्दों को उपराज्यपाल के समक्ष रखा। उन्होंने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के स्तर पर आने वाले मामलों में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। साथ ही, ऐसे विषयों को संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के समक्ष उठाकर आवश्यक हस्तक्षेप सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया, जिनके समाधान के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर कार्रवाई आवश्यक है।

इसके अलावा, सांसद श्री बिष्णु पदा रायने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर एवं मध्य अंडमान में राष्ट्रीय राजमार्गों की वर्तमान स्थिति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा मौजूदा सड़कों की उचित देखरेख और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
सांसद ने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ हिस्सों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों, वाहन चालकों और यात्रियों को हो रही परेशानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी कर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षित और यातायात के लिए सुचारु स्थिति में बने रहें।
सांसद ने कहा कि द्वीपों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर सड़क संपर्क और मजबूत बुनियादी ढांचा स्थानीय लोगों के साथ–साथ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।















Leave a Reply