Editor: Pankaj Singh
बिलिग्राउंड, 21 अक्टूबर 2026– अंडमान एवं निकोबार प्रशासन की स्वास्थ्य सचिव सुश्री वंदना राव, IAS ने बुधवार को बिलिग्राउंड स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना तथा आवश्यकताओं का जायजा लिया। इस दौरान केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
स्वास्थ्य सचिव के आगमन पर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात CMO डॉ. शैलजा, ग्राम पंचायत स्वदेश नगर के प्रधान श्री देबब्रत दास, डॉ. केशवन, डॉ. त्रिवेणी, PHC के अन्य चिकित्सकों एवं कर्मचारियों तथा APWD की जूनियर इंजीनियर सुश्री विजयलक्ष्मी ने उन्हें स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने के साथ–साथ भविष्य में आवश्यक सुधारों और अतिरिक्त सुविधाओं की जरूरतों का भी आकलन किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्वदेश नगर के प्रधान श्री देबब्रत दास ने क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए एक अलग एवं उपयुक्त कक्ष तथा डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव से इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।

वहीं, ग्राम पंचायत बसंतपुर के प्रधान श्री रामकृष्ण रॉय भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपने निरीक्षण एवं अनुभवों के आधार पर विभिन्न आवश्यकताओं और समस्याओं को स्वास्थ्य सचिव के समक्ष रखा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. शैलजा ने बिलिग्राउंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मौजूदा सुविधाओं, कार्यप्रणाली तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारों और सुविधाओं की जरूरतों को भी रेखांकित किया।
स्वास्थ्य सचिव का यह दौरा बिलिग्राउंड एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने तथा स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों और सुझावों से स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
आपको बता दें कि स्वास्थ्य सचिव सुश्री वंदना राव जी श्री विजयपुरम से बाराटांग, कदमतला, रंगत, बिलिग्राउंड, मायाबंदर, डिगलीपुर के सारे सीएचसी, पीएचसी और अन्य अस्पतालों के निरीक्षण करते हुए अपना दौरा करी।















Leave a Reply